Wednesday, 23 December 2015

भारतीय हॉकी टीम बनी जू. एशिया कप चैपियन


हरमनप्रीत के चार गोल की बदौलत पाकिस्तान को ६-२ से हराया


कुआंटन (मलयेशिया) _ ड्रैग फ्लिकर हरमनप्रीत सिंह के चार गोल की बदौलत भारतीय हॉकी टीम ने रविवार को फाइनल में पाकिस्तान को ६-२ से हराकर आठवां जूनियर पुरुष एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट ख़िताब जीत लिया | इसके साथ ही भारतीय टीम ने लगातार छठवीं जीत दर्ज की | हरमनप्रीत ने १० वें मिनट में पेनाल्टी कार्नर को गोल में तब्दील कर भारत का खाता खोला जबकि १५ वें मिनट में एक और पेनाल्टी कार्नर को गोल में तब्दील कर भारत को २-० से बढ़त दिला दी | लेकिन २८ वें मिनट में मोहम्मद याकूब ने मैदानी गोल कर पाकिस्तान को मुकाबले में वापसी कराने की कोशिश की | इसके बाद हरमनप्रीत ने ३० वें मिनट में हैट्रिक जमाते हुए भारत की  बढ़त ३-१ कर दी | भारत की यह बढ़त पहले हाफ तक कायम रही |भारतीय टीम ने दूसरे हाफ में भी आक्रामक हॉकी खेली | अरमान कुरैशी और मनप्रीत ने क्रमशः ४४वें और ५०वें मिनट में गोल दाग भारत की बढ़त को ५-१ कर दी | हरमनप्रीत ने ५३वें मिनट में अपना चौथा गोल दागा और स्कोर ६-१ कर दिया | इसके बाद पाकिस्तान के मोहम्मद दिलबेर ने ६८वें मिनट में गोल दाग स्कोर के अंतर ६-२ से कम किया | लेकिन यह स्कोर अंत तक कायम रहा और भारत जूनियर एशिया कप 
हॉकी का विजेता बन गया | भारत ने शनिवार को सेमीफाइनल में जापान को ६-१ से शिकस्त दी थी जबकि पाकिस्तान ने दक्षिण कोरिया को पेनाल्टी शूटआउट में ८-७ से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी | इस जीत से लगता है कि भारतीय हॉकी सही दिशा में जा रही है | फाइनल को लेकर हम पर कोई दबाव नही था | हम प्रत्येक मैच को जीत के इरादे से खेले | मुझे लड़को पर गर्व है | 

No comments:

Post a Comment